ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के बीच पहुंचे जिलाधिकारी, शिक्षक बनकर किया मार्गदर्शन लक्ष्य तय कर ईमानदारी से प्रयास करने का दिया संदेश।
ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के बीच पहुंचे जिलाधिकारी, शिक्षक बनकर किया मार्गदर्शन लक्ष्य तय कर ईमानदारी से प्रयास करने का दिया संदेश।
The District Magistrate reached among the children of rural areas, guided them as a teacher and gave the message to set goals and make honest efforts.

हरिद्वार सनी वर्मा
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित मंगलवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज, धनौरी पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के बीच एक शिक्षक की भूमिका निभाते हुए उनका मार्गदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उनके सवालों के जवाब दिए और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
महाविद्यालय में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, राजनीति विज्ञान विभाग एवं सांस्कृतिक समिति के संयुक्त तत्वावधान में प्रशासनिक सेवाओं के प्रति छात्र-छात्राओं को प्रेरित करने हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य निर्धारित करने के बाद उसे प्राप्त करने के लिए ईमानदारी और निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि अधिक पढ़ाई करने से ज्यादा महत्वपूर्ण है पढ़ाई में एकाग्रता और सही दिशा में प्रयास करना।
जिलाधिकारी ने युवाओं से मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने की अपील करते हुए कहा कि आज के समय में अधिकांश युवा अपना कीमती समय मोबाइल स्क्रीन पर व्यर्थ कर रहे हैं, जो उनके भविष्य के लिए घातक हो सकता है। उन्होंने नशे से दूर रहने और सकारात्मक संगति अपनाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखना आवश्यक है जो समय की बर्बादी करते हैं या गलत दिशा में ले जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। एक छात्रा द्वारा आंखों की कम रोशनी को लेकर प्रशासनिक सेवाओं में बाधा संबंधी प्रश्न पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की दिव्यांगता सफलता में बाधा नहीं बनती, यदि व्यक्ति में दृढ़ संकल्प और मेहनत करने की इच्छा हो। वहीं, एक छात्र के एमबीए के बाद प्रशासनिक सेवाओं में जाने के प्रश्न पर उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं एमबीए किया है और सही मार्गदर्शन व तैयारी से इस क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

